संगठन के महानिदेशक टेडरोस एडानोम ने एक पत्रकार सम्मेलन में पिछले महीने लगभग 40 लाख लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने संबंधी रिपोर्ट की तरफ़ इशारा करते हुए कहा कि हर हफ़्ते दस लाख लोगों के कोरोना से संक्रमित होने के मद्देनज़र विश्व स्वास्थ्य संगठन को आशंका है कि यह आंकड़ा अगले हफ़्ते तक एक करोड़ तक पहुंच जाएगा। डब्ल्यू .एच. ओ. के आपातकालीन कार्यक्रम के निदेशक माइकल रयान ने भी अमरीका व लैटिन अमरीका की स्थिति को अत्यंत चिंताजनक बताया है और कहा है कि अमरीका व लैटिन अमरीका में कोरोना वायरस से संक्रमण का आंकड़ा निरंतर बढ़ता जा रहा है।
इस बीच अमरीका के सेंटर फ़ार डिज़ीज़ कंट्रोल (सीडीसी) ने दो करोड़ से ज़्यादा अमरीकियों के कोरोना की चपेट में आने की आशंका जताई है। सीडीसी के डायरेक्टर डॉक्टर रॉबर्ट रेडफ़ील्ड ने मीडिया को बताया कि हमारा सबसे बेहतर आकलन यह है कि जब कोरोना संक्रमण के एक मामले की रिपोर्ट होती है तब 10 और संक्रमण के मामले होते हैं। सीडीसी ने यह भी आशंका जताई है कि अमरीका में इस महामारी की चपेट में ज़्यादातर युवा आ रहे हैं।